Posts

हसरत

जिंदगी इतनी सस्ती तो होनी नहीं चाहिये मौत कीड़े-मकोड़ों के जैसे हम इंसानों को ले चले! परिजनों-प्रियजनों को पहुंचती है पीड़ा बेशक मर्मांतक शेष ब्रह्माण्ड को पर नहीं फर्क पड़ता है क्या कोई भी? एक-दूजे से हम हैैं जुड़े इस तरह एक पत्ता भी टूटे तो कहते हैैं पड़ता है ब्रह्माण्ड पर सारे उसका असर मौत जब छीनती जा रही जिंदगी थोक के भाव से चीख उठती नहीं क्यों किसी कोने से भी इस ब्रह्माण्ड के? फर्क पड़ता नहीं क्या कोई भी सचमुच सारे ब्रह्माण्ड को हम मनुष्यों के होने, नहीं होने से! हद तो ये है मनुष्येतर जीवों में भी धरती पर फर्क पड़ता नहीं दीखता निखर आई प्रकृति उल्टे कुछ और भी वन्यप्राणी प्रफुल्लित धमाचौकड़ी करते हैैं सड़कों पर। तो क्या ब्रह्माण्ड का बुद्धिमान है जो प्राणी सभी से यही उसका बस मूल्य है? मृत्यु से तो मुझे डर नहीं, चाहता पर कि जीवन दुबारा मिले तो जियूं ऐसे आये कि जब मौत तो शोक उसका हो सारे ही ब्रह्माण्ड को खालीपन मेरे जाने से महसूस ऐसा करें सब कोई स्थान लेना मेरा फिर न मुमकिन किसी के लिये हो कभी। रचनाकाल : 24 अप्रैल 2021

जीने का ढंग

अब तक जीता रहा डरते-डरते ही मैं मौत आ जाय कब कुछ भी तय था नहीं भय भरा था, नहीं जिंदगी में थी कोई भी जिंदादिली किंतु आई महामारी जब एकदम मौत टूटी कहर बन के धरती के सारे ही इंसानों पर भय अचानक ही भीतर से सब छंट गया सबकुछ स्वीकार मैंने सहज कर लिया मान कर यह कि जो भी बची जिंदगी, मिली बोनस है वह रोज जीता हूं खुश हो के भय छोड़ कर मानता हूं कि ईश्वर का अहसान है एक दिन और उसने मुझे जीने खातिर दिया। जब समझता था मैं जिंदगी पर मेरा हक है सौ साल का छीन ले ना समय मेरे हिस्से का, डरता था तब मौत से किंतु हक छोड़ कर आने वाले दिनों पर किया मैंने जब से है तैयार खुद को हरएक आपदा के लिये मेरे भय सारे खुशियों में रूपांतरित हो गये बन गया सच्चे अर्थों में अपरिग्रही एक दिन से नहीं ज्यादा रखता हूं संचित कभी जिंदगी भय नहीं कोई लुटने का, जीता हूं निश्चिंत हो करके अब। रचनाकाल : 21 अप्रैल 2021

महामारी के बाद

जिसको किस्से-कहानी में सुनते रहे दादियों-नानियों से कि देखा उन्होंने है ऐसा समय लोग कितने ही भूखों मरे थे पड़ा था भयावह अकाल या महामारियां लील जाती थीं सारा का सारा ही गांव आज हमारे भी हिस्से में आया है वैसा भयानक समय दृश्य देखे नहीं जाते ऐसे विदारक हैैं चारों तरफ हर कोई क्षत-विक्षत है सभी खो चुके हैैं कोई ना कोई अपना प्रियजन-परिजन जिंदगी भर नहीं घाव जो भर सकें जिसको किस्से-कहानी में भी सुन के होंगे खड़े रोंगटे ऐसा सीने में ही दर्द लेकर जियेंगे कई नागरिक। क्रूर कितना भी हो पर समय तो कहीं कभी रुकता नहीं खण्डहर से भी फूटेंगी फिर कोंपलें फिर से गूंजेंगी दुनिया में किलकारियां जिंदगी फिर से आबाद होगी आयेंगी नई पीढ़ियां दादियां-नानियां फिर सुनायेंगी किस्से भयावह महामारी कोरोना के दर्द लेकिन क्या महसूस कर पायेंगे पूरी शिद्दत से वे बाज आयेंगे पर्यावरण की तबाही से धरती को समझेंगे सचमुच ही मां की तरह या कि इतिहास ही खुद को दोहरायेगा फिर हमारी तरह? रचनाकाल : 18 अप्रैल 2021

अभियोग

भय से व्याकुल तो इतने कभी हम न थे मौत नजदीक इतने कभी भी न थी किसकी बारी कब आ जाये कुछ तय नहीं जाने वालों से ज्यादा भयानक दशा बचने वालों की है। मृत्यु से तो अपरिचय कभी भी न था जो भी आता है जाना तो उसका सुनिश्चित ही है छीन कर किंतु गरिमा, सरेआम लाचार कर घेर कर झुण्ड में यूं शिकारी के जैसी कुटिल रीति से प्राण लेना ही था क्या उचित मृत्यु के देवता के लिये? पेड़ से फल पके जैसे गिरते सहज भाव से हम भी करते हैैं उनको विदा गाजे-बाजे के संग जिंदगी पूर्ण जीकर जो मरते हैैं अंतिम समय किंतु असमय किसी को भी धरती से करना विदा प्राकृतिक तो नहीं! तोड़ते हैैं नियम हम प्रकृति के तो मिलती रही है सजा किंतु ईश्वर ही तोड़े नियम तो सजा उसकी किसको मिले? मानते हैैं हम बेशक हुई होंगी हमसे कई गलतियां छीन लेना ही जीवन मगर बदले में क्या सही न्याय है? फैसले की कभी आयेगी जब घड़ी हम तो मंजूर कर लेंगे अपनी सभी गलतियों की सजा पा सकेंगे निरपराध ईश्वर भी क्या खुद को पूरी तरह? रचनाकाल : 16-17 अप्रैल 2021

दहशत

सपना या हकीकत है ये कौन सी दुनिया है? लाशों से पटे हैैं अस्पताल हर चेहरे पर मरने का भय अनगिनत चिताएं सजी हुईं  धू धू कर जलते श्मशान ये धरती जिंदा है या मौत का साम्राज्य है? रणक्षेत्र ये कैसा है दिनरात ये चलती हैैं बंदूकें या एम्बुलेन्स के सायरन दहशत पैदा करते हैैं! दु:स्वप्न देखता हूं या सच में हकीकत है? देखते हुए टीवी या पढ़ते हुए अखबार डर क्यों अब लगता है आता है किसी का फोन अनहोनी की आशंका से मन भर उठता है। जीने का मतलब यूं दहशत तो कभी भी न था ये कैसा है मौत का भय जो कुछ को मारता है बाकी सबको लेकिन तिल-तिल कर लीलता है! रचनाकाल : 15 अप्रैल 2021

अर्थ बदलते सुख-दु:ख

अक्सर मैंने महसूस किया है सुख-दु:ख सारे सापेक्षिक होते हैैं अस्तित्व नहीं है उनका खुद में तुलना करने पर ही वे कम ज्यादा होते हैैं। जब कष्ट भयानक सहता था मैं छोटे दु:ख तब सुख के जैसे लगते थे आदी लेकिन जब होने लगा सुखों का तब छोटे-छोटे सुख नीरस लगने लगे सुनहरी स्मृतियां लगने लगीं दु:खों वाले दिन की। इसलिये भागता नहीं सुखों के पीछे अब करना होता है दूर किसी के कष्टों को तो उससे भी ज्यादा दु:ख सहने लगता हूं आराम उसे मिलता है मुझको संग पाकर दु:ख में ही सुख महसूस उसे होने लगता है, मुझको भी अद्भुत है यह कीमियागरी जब सुख पाने की कोशिश करता था तब दु:ख ही मिलता था अब जितना ज्यादा दु:ख-कष्टों को सहता हूं, सुख मिलता है। रचनाकाल : 12 अप्रैल 2021

दु:स्वप्नों का अंत

आजकल सपनों से डर लगता है अंधविश्वासी तो मैं कभी न था पर समय आजकल इतना ज्यादा मुश्किल है सपने में भी यदि मौत किसी की होती है असली जैसा मन थर-थर कांपने लगता है। होती हैैं इतनी मौत रोज इन दिनों कि मन में यही प्रार्थना चलती है हे ईश्वर सबकुछ शुभ करना सब सही सलामत रहें मेरे प्रियजन-परिजन। लज्जित लेकिन हो उठता हूं अगले ही पल अपने ऊपर मर रहे रोज जो उनके प्रियजन-परिजन के दारुण दु:ख का है क्या कोई भी मोल नहीं! उनके दु:ख में सहभागी होना है क्या मेरा धर्म नहीं!! उतनी ही शिद्दत से लेकिन उनका दु:ख महसूस नहीं कर पाता हूं तब जानबूझकर सहता हूं उनसे ज्यादा दु:ख-कष्ट कि छोटी कर न सकूं उनकी लकीर पीड़ा की पर उनसे भी ज्यादा बड़ी खींच दूं रेखा अपने कष्टों की महसूस अकेला नहीं करें वे खुद को दु:ख के सागर में कुछ इसी तरह से सबके दु:ख में कोशिश करता हूं मैं हाथ बंटाने की। पाता हूं तब दु:ख मेरे कोई निजी नहीं रह जाते हैैं दु:स्वप्नों से छुटकारा मिलता जाता है परिवार मेरा धरती के जितना विस्तृत होता जाता है। रचनाकाल : 11 अप्रैल 2021