Posts

दीप बनने का सौभाग्य

होता जाता है जितना अंधेरा घना उतनी बढ़तीं दिये की जिम्मेदारियां हम न बन पायें सूरज भले ही मगर दीप नन्हा सा तो एक बन सकते हैैं अपने हिस्से का तम दूर कर सकते हैैं! सुख बहुत है उजाले में रहने का पर जब अंधेरा घना हो तो खुद को जला रौशनी थोड़ी फैलाने का सुख भी होता न कम कब शिकायत ये करता है कोई दिया उसको दिन का उजाला नहीं क्यों मिला! रात हिस्से में होना अगर भाग्य है सूर्य का अंश बनने का सौभाग्य है राम पैदा हुए देश में जिस कभी उसके वासी भी तो उनका ही अंश हैं! रचनाकाल : 1 नवंबर 2024

रावण-राज

इतने ज्यादा बुरे तो न थे हम कभी राम के पक्ष में खुद को रखते हुए पुतला रावण का हरदम जलाते रहे जो मिली थी विरासत में हमको दिशा तेज उन्नति उसी पथ पे करते रहे फिर ये किस खोह में आ गये आज हम घोंटती जाती दम गंध बारूद की क्यों है मंजर भयावह ये चारों तरफ दीखते खण्डहर, चिथड़े बिखरे हुए राह भटके कहां हम ये रावण के खेमे में कब आ गये? राम का तो कहीं है पता ही नहीं आती जाती घड़ी पास सर्वनाश की क्या बचाएगा अब हमको कोई नहीं खत्म सचमुच ही दुनिया ये हो जायेगी? रचनाकाल : 30 अक्टूबर 2024

महाविनाश जल्दी लाने की प्रकृति और इंसानों के बीच लगती होड़

Image
 संयुक्त राष्ट्र के पर्यावरण कार्यक्रम ने अपनी एक रिपोर्ट में चेतावनी दी है कि दुनिया 3.1 डिग्री सेल्सियस तापमान वृद्धि की ओर बढ़ रही है. रिपोर्ट के अनुसार अगर सभी देश जलवायु परिवर्तन के खिलाफ अपने मौजूदा वादों को पूरा करें तो दुनिया में तापमान वृद्धि 1.8 डिग्री सेल्सियस तक सीमित हो सकती है. हालांकि यह वृद्धि भी भयंकर गर्मी, तूफान और सूखे जैसे गंभीर प्रभावों को रोकने के लिए पर्याप्त नहीं है, लेकिन 3.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी में तो हम इंसानों का अस्तित्व ही संकट में पड़ जाएगा!  जिस तबाही की आशंका जताई जा रही है, वह निकट भविष्य के गर्भ में ही है; परंतु इंसानी अस्तित्व को बचाने की चिंता किसे है? कुछ साल पहले कोरोना महामारी ने भी मानव जाति को दहला दिया था. तब कुछ महीनों के लॉकडाउन से ही प्रदूषित हो चुकी प्रकृति में अपूर्व निखार आ गया था. अगर वह महामारी प्रकृति की चेतावनी थी हम इंसानों के लिए कि अभी भी वक्त है, सुधर जाएं; तो शायद हमने इसकी बुरी तरह से अनदेखी की है. होड़ तो अब इसकी लगी है कि हम मनुष्यों का खात्मा प्राकृतिक आपदाएं करेंगी या उसके पहले हम खुद ही अपने पैरों पर कुल...

डर भीतर-बाहर का

रक्षा के मद में स्वाहा करना धन अपार दुनियाभर के देशों की मुझको नासमझी सी लगती थी हम न्याय-परायण रहें अगर तो हमला कोई हम पर करना चाहे तो दुनिया क्या यूं ही चुप बैठी रह जायेगी? पर जैसे-जैसे समझ बढ़ी रह गया देखकर यह अवाक्‌ अपनी-अपनी आंखों पर सब ही निहित स्वार्थ की पट्टी बांधे रहते हैं है उचित और अनुचित क्या यह वे हानि-लाभ से अपने ही तय करते हैं वरना तो कारण और नहीं था कोई भी हमको गुलाम सदियों तक अपना रखने को जायज ठहरा पाते अंग्रेज कहीं से भी हम भी अपने जैसे ही कुछ इंसानों को कह कर अछूत, बदतर उनसे व्यवहार कभी क्या कर पाते? इसलिये सभी मानव शायद हम दुनिया में एक-दूसरे से ही इतना डरते हैं अपने भीतर के निहित स्वार्थ का अक्स दूसरों में भी देखा करते हैं कारण शायद है यही मुख्य इस दुनिया में अन्यायों-अत्याचारों का क्या बुद्धिमान प्राणी सबसे इस दुनिया के हम न्याय-परायण जीव नहीं बन सकते हैं? रचनाकाल : 25 अक्टूबर 2024

दु:ख में सुख

मैं सामंजस्य बिठाता हूं जब तक विपरीत परिस्थिति से तब तक बाधाएं नई उपस्थित फिर से होने लगती हैं सुस्ता ही पाता नहीं कभी जीवन में कुछ पल खातिर भी। इस तरह रहा नाराज बहुत दिन ईश्वर से पर प्रौढ़ हुआ जब तो जाना ईश्वर का था उपकार बड़ा कितना ज्यादा सहकर उलाहना भी इतना हित, कौन किसी का करता है! दरअसल चाहता था मैं ठहरे पानी का डबरा बनना जीना अपने ही सेफ जोन में, कोई रिस्क नहीं लेना पर ईश्वर को था पता कि जीवन जीकर मैं आरामदेह कमजोर स्वयं को ही भीतर-बाहर से करता जाऊंगा रुक गया अगर जो एक जगह, धीरे-धीरे सड़ जाऊंगा इसलिये दूर होते ही बाधा एक, दूसरा संकट वह ला देता था मुझको कुम्हार के कुम्भ सरीखा पीट-पीटकर गढ़ता था। अब जान गया जब यह रहस्य, खुद ही तकलीफें सहता हूं ‘रमता जोगी बहता पानी’ सा तन-मन को गतिशील हमेशा रखता हूं जब सुख भोगा करता था तब बेचैन रहा करता था मन दु:ख के डर से अब दु:ख सहता जब स्वेच्छा से ऋषियों की त्याग-तपस्या सा सुख मिलता है तन-मन बनता मजबूत और निश्चिंत भाव से जीता हूं। रचनाकाल : 24 अक्टूबर 2024

बच्चे अधिक पैदा करने की अपील और बोझ बनते बुजुर्ग

Image
 आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने लोगों से दो से अधिक बच्चे पैदा करने की अपील की है, लेकिन इसे कोरी अपील न समझें. नायडू ने घोषणा की है, ‘‘सरकार केवल दो से अधिक बच्चों वाले लोगों को स्थानीय निकाय चुनाव लड़ने के लिए पात्र बनाने के लिए कानून लाने की योजना बना रही है.’’ तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन तो उनसे एक-दो नहीं बल्कि दर्जनों कदम आगे बढ़ गए और नवविवाहित जोड़ों से 16-16 बच्चे पैदा करने की अपील कर डाली. हालांकि उन्होंने इसके लिए अभी कोई कानून लाने की धमकी नहीं दी है. उनकी चिंता है, ‘‘हमारी आबादी कम हो रही है जिसका असर हमारी लोकसभा सीटों पर भी पड़ेगा इसलिए क्यों न हम 16-16 बच्चे पैदा करें.’’ जबकि नायडू का कहना है, ‘‘आंध्र प्रदेश और देश भर के कई गांवों में केवल बुजुर्ग लोग ही बचे हैं. युवा पीढ़ी शहरों में चली गई है.’’ उनकी दलील है  ‘‘अगर प्रजनन दर में गिरावट जारी रही, तो हम 2047 तक गंभीर वृद्धावस्था समस्या का सामना करेंगे, जो वांछनीय नहीं है.’’  नायडू जनसांख्यिकीविद्‌ नहीं हैं, लेकिन मुख्यमंत्री हैं और उनकी बात को हल्के में नहीं लिया जा सकता. वे कहते ह...

वैयक्तिक और सामाजिक

चार जनों के बीच कहीं भी बैठ हांकना गप्प या कि सुनना उसको बर्बाद समय अपना करने सा लगता था महसूस मगर यह हुआ वजह से इसी रह गया दुनियादारी में सबसे कमजोर कि लगती गपशप व्यर्थ सरीखी जो उससे भी हम दुनियादारी की छोटी-छोटी बातें सीखा करते हैं। सामाजिक प्राणी मानव को दरअसल इसी से कहा गया एकाकी कोई रहे अगर तो बहुत दिनों के बाद समझ में आती है अपनी गलती हम मगर देखते हैं जब औरों की गलती तो खुद भी सीखा करते हैं। असमंजस लेकिन यह है सबको जीवन सीमित मिलता है यदि समय बिता दें सारा दुनियादारी में तो कब हम चिंतन-मनन अध्ययन-लेखन या फिर ध्यान करें? इसलिये सदा कोशिश करता संतुलन साध कर चलने की चर्चा होती दिखती है जहां सकारात्मक शामिल उसमें हो जाता हूं रखता हूं खुद को सजग जहां होता है टाइमपास वहां से उठ बाहर आ जाता हूं इस तरह साधता मेल व्यक्तिगतता में सामाजिकता का। रचनाकाल : 18 अक्टूबर 2024