Posts

गणतंत्र दिवस

आकर्षित करता है मुझको गणतंत्र दिवस इच्छा होती है खुद को बांधूं नियम-कायदों के भीतर गढ़ पाऊं अपनी खातिर ऐसा संविधान जिसके नियमों का उल्लंघन यदि करूं सजा पा जाऊं खुद अपने द्वारा। इसलिये मनाता हूं यह दिन हर साल इसी आशा में हो पाऊंगा सफल कभी न कभी खुद को रखने में अनुशासित कुछ दूर जरा खुद से हटकर निष्पक्ष दृष्टि से देख सकूंगा कहीं कभी कर बैठा तो अन्याय नहीं! बस यही लक्ष्य मन में रखकर हर साल मना गणतंत्र दिवस यह याद दिलाता हूं खुद को इक दिन तो ऐसा आयेगा जब खुद की खातिर गढ़े गये नियमों पर मैं चल पाऊंगा! रचनाकाल : 26 जनवरी 2023

उजाले की ओर

समय निकलता जाता हैै जल्दी ही छंट जायेगा सब अंधियारा होती जायेंगी प्रखर सूर्य की किरणें गहमागमी बढ़ती जायेगी पर मेरी तो कुछ नहीं हो सकी तैयारी बोझिल हैैं पलकें निद्रा से क्या यूं ही बासीपन से, होकर अस्त-व्यस्त मैं अगले दिन में जाऊंगा? लुट गई जमा-पूंजी जो दी थी पुरखों ने मैंने जो संचित किये मूल्य वे निशाचरी जीवन में तो जंच जाते हैैं पर दिन के गहन उजाले में डरता हूं, अपना रूप देख आईने में खुद ही तो मैं भयभीत नहीं हो जाऊंगा! संक्रांति काल में बदहवास करता हूं कोशिश करके थोड़ा पॉलिश खुद को चमका लूं पर जैसे-जैसे बढ़ता जाता है प्रकाश खुलती जाती है कलई समूची, होता जाता बेनकाब अगली पीढ़ी जो सोचेगी वो सोचेगी पर अपनी ही नजरों में हे भगवान, नजर आता कैसा! क्या अंधकार युग बनकर ही मेरा यह युग इतिहास जमा हो जायेगा? रचनाकाल : 15 जनवरी 2022

जुआ

कोसता रह गया मैं युधिष्ठिर को ही मेरे साथी जुआरी सभी बन गये शेयर बाजार में रोज पैसा लगाकर मुनाफा कमाने की कोशिश ही धंधा गजब बन गया दे के सरकार को टैक्स अपराध के बोध से बच गये पर मैं समझाऊं कैसे उन्हें कुछ नहीं और बस यह जुए का ही तो दूसरा नाम है! है अजब त्रासदी हो गया हूं अकेला निपट चल रही सारी दुनिया ही सेंसेक्स की चाल से फिर मैं रोकूं उन्हें किस तरह ढूंढ़ते हैैं जो उसमें ही आजीविका? आइने की तरह साफ दिखता है मुझको गलत है ये सब पर नहीं कुछ भी कर पा रहा हो के असहाय बस देखने के सिवा भूल कर पुरखों की करना आलोचना, कर रहा प्रार्थना माफ भगवान करना हमें, दाग इतिहास में बन के ही रह गये! रचनाकाल : 12-14 जनवरी 2022

नया साल

सपना मैंने यह क्या देखा बीतता जा रहा नया साल भी पिछले वर्षों जैसा ही? भयभीत अचानक होकर जब उठता हूं तो यह पाता हूं यह भोर सुहानी नये साल के पहले ही तो दिन की है! है देर अभी भी नहीं हुई सबकुछ फिर से हो सकता है आरम्भ सिरे से नये गलतियां हो सकती हैं ठीक मिला है नये जनम के जैसा ही यह नये साल का पहला दिन मैं नहीं चाहता हर्गिज इसे गंवाऊं फिर से नये जोश के साथ जुट रहा हूं करने में एक नई शुरुआत कोटिश: ईश्वर का आभार कि उसने मौका फिर से एक दिया! रचनाकाल : 1 जनवरी 2023

खजाना भीतर का

करता था पहले बाहर खोज खजाने की सोना-चांदी, हीरा-मोती लगते थे सबसे मूल्यवान पर जबसे भीतर खोज शुरू की इतने रत्न मिले अद्भुत बाहर के सब तुच्छ दिखाई देते हैैं। बेशक आसान नहीं लाना भीतर के रत्नों को बाहर जो जितनी मेहनत करता है उतना लेकर आ पाता है संगीत, गीत या चित्रकला भीतर के ही सब मोती हैं  जो साधक बाहर लाते हैैं। मैं भी कविता के रत्नों को लाने की कोशिश करता हूं पर इसकी खातिर तन-मन अपना निर्मल रखना पड़ता है गलतियां ढूंढ़ना छोड़ दूसरे लोगों की खुद में ही रमना पड़ता है। पर मिलती है जब झांकी भीतर के अनमोल खजाने की तब कदम खिंचे जाते हैैं खुद ही अपने ही मन के भीतर हो जाते हैैं तल्लीन साधना में जब हम बन जाते हैैं सबसे अमीर इस दुनिया में हो जाती है सुनहरी हमारी दुनिया तब। रचनाकाल : 26 दिसंबर 2022

पूर्ण-अपूर्ण

ऊर्जा अपार थी जब तन में तब ज्ञात नहीं थी दिशा कि चलना किस पथ पर अब राह पता है, किंतु थक चुका इतना दूभर होता जाता चल पाना भी एक कदम। यह कैसा नियम निराला है जब होते अनुभवहीन हमें अनुभव आकर्षित करता है पर मिलता है जब तक अनुभव तन साथ छोड़ने लगता है! शायद है यही चुनौती मानव जीवन की सबकुछ मिल पाता नहीं किसी को कभी हमारे ऊपर ही निर्भर है यह खुश हों कि ग्लास आधी है भरी हमारी या यह देख दुखी हों आधी है वह खाली सबको सदा अधूरेपन में जीना पड़ता है! रचनाकाल : 18 दिसंबर 2022

दिशाहीन रफ्तार

जब सबकुछ लगता हो खिलाफ हो जाय असम्भव आगे बढ़ना तिल भर भी मैं कदम जमाये रखता हूं मजबूती से। बेशक डर लगता है कि कहीं जड़ पत्थर तो बन गया नहीं! पर करता हूं संवरण लोभ बहती धारा संग बहने का चलते जाना ही सिर्फ बिना सोचे-समझे हो सकती नहीं निशानी हर्गिज उन्नति की है सही राह पर चलना कछुए जैसा भी मंजूर मुझे खरगोश सरीखी सिर्फ तेज गति पाने को मैं नहीं दौड़ सकता ढलान की फिसलन मेें। रचनाकाल : 12 दिसंबर 2022