Posts

Showing posts from January, 2026

नींद

जब नींद बहुत आती थी तब मैं खुद को कोसा करता था जो दावा करते हैं कि सिर्फ सोते हैं घंटे तीन-चार उनके जैसा बनने की हसरत रखता था। ढल चुकी उम्र अब नींद सिर्फ आती है घंटे तीन-चार बेचैनी से करवटें बदलता रहता हूं भरपेट नहीं जी पाया जो दिन उनको फिर पाने की हसरत रखता हूं! यह सच है उठना सुबह फायदा करता है पर सहज नींद खुलने में और तोड़ने में अंतर धरती-आकाश बराबर रहता है इसलिये जल्द सोने को प्रेरित करता हूं पर नींद किसी की कच्ची तोड़े जाने से मैं डरता हूं। रचनाकाल : 31 जनवरी 2026

अच्छे लोगों की कमजोरी

जीवन में इतने अच्छे-अच्छे लोग मिले सबसे कुछ अच्छी सीख मिली जिनको कहते थे लोग बुरे वे भी तो इतने बुरे न थे! करते ही उनके साथ जरा-सी अच्छाई वे दूना बदला देने में जुट जाते थे खुद भले गिरे हों दलदल में पर मुझ पर लगने से वे दाग बचाते थे! जितना वे करते थे मुझ पर विश्वास काश! मैं भी उन पर उतना विश्वास जता पाता मैले कपड़ों से डरे बिना यदि उनको गले लगा पाता तो दुनिया यह कितनी सुंदर बन सकती थी! रचनाकाल : 29 जनवरी 2026

हम तुच्छ लाभ की खातिर क्यों कुर्बान बड़े हित करते हैं ?

Image
 उत्तराखंड में सरकार ने लोहारीनाग पाला जलविद्युत परियोजना को बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. 650 करोड़ रु. खर्च होने के बाद बंद की जाने वाली इस परियोजना के खिलाफ पर्यावरणविद्‌ व आईआईटी प्रोफेसर जी.डी. अग्रवाल ने वर्ष 2018 में ही आमरण अनशन कर 111 दिनों  बाद अपने प्राण त्याग दिए लेकिन सरकार का दिल नहीं पसीजा था. अब पिछले दिनों धराली आपदा में सड़क बहने और नदी के बीच बने डायवर्सन को नुकसान पहुंचने के बाद सुरंगें सील करने का फैसला किया गया है.  अगर आईआईटी का प्रोफेसर रह चुका व्यक्ति किसी चीज के लिए अपनी जान की बाजी लगा रहा था तो उसे इतने हल्के में तो नहीं लिया जाना चाहिए था! परंतु शासन की जिस हठधर्मिता को रोकने के लिए प्रकृति को धराली जैसी आपदा लाकर सैकड़ों लोगों की जान लेनी पड़े, वह सिर्फ एक व्यक्ति की मौत की कीमत पर रुक भी कैसे सकती थी! 650 करोड़ रु. पानी में जाना मामूली बात नहीं है लेकिन जब हमें पता हो कि परियोेजना पूरी होने के बाद कितनी जबर्दस्त तबाही मचती तो शायद यह नुकसान भी कम लगता है. हमें जानना चाहिए कि बांध सिर्फ पानी ही नहीं रोकते, जलीय जीवों के पूरे जीवन-चक्र ...

सरलता के फायदे

मैं पहले टेढ़ी बातें जल्दी समझ ही नहीं पाता था जब लोग व्यंग्य करते उसको सचमुच तारीफ समझता था। क्षमता लेकिन जबसे पाई यह समझ सकूं है कौन कुटिल मैं भी न सरल पहले जैसा रह सका कुटिलता लगी समाने मुझमें भी! इसलिये सरल बनने की ही अब फिर से कोशिश करता हूं टेढ़ी बातों का सहकर भी आघात सरल-सीधा जवाब ही देता हूं टेढ़ों की टेढ़े ही जानें मैं तो अपनी दुनिया में ही खुश रहता हूं। रचनाकाल : 22 जनवरी 2026

सपने में अपराध

कभी-कभी सपने में खुद को अपराधी मैं पाता हूं खुलती है पर जब नींद स्वयं पर ही शर्मिंदा होता हूं मैं कैसे इतना नीचे तक गिर सकता हूं! अपराध कभी जो किये नहीं प्रायश्चित उनका करता हूं जो सजा कहीं से मिली नहीं उसको खुद भोगा करता हूं बाहर से सबको सुखी भले ही दिखता हूं! सच तो यह है जो स्वेच्छा से सह लेता है दु:ख मजबूरी में उसे न सहने पड़ते हैं सपने में भी अपराध अगर हो जाये तो जो खुद ही उसका परिमार्जन कर लेते हैं वे सचमुच के अपराध से बचे रहते हैं। रचनाकाल : 18 जनवरी 2026

हम पे इल्जाम न आए कि कहा चोर को क्यों चोर नहीं !

Image
 इन दिनों दुनियाभर में उथल-पुथल मची है. कहीं युद्ध हो रहे हैं तो कहीं गृहयुद्ध जैसे हालात हैं. नियम-कायदों की इस तरह धज्जियां उड़ाई जा रही हैं कि लगता है हम फिर से तो जंगलराज की ओर तो नहीं लौट रहे? यूक्रेन में रूसी हमले का विरोध करने और ताइवान पर आक्रमण के खिलाफ चीन को चेतावनी देने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दुनिया की सबसे बड़ी गुंडागर्दी दिखाते हुए वेनेजुएला के राष्ट्रपति का सपत्नीक अपहरण कर लिया. दिक्कत यह है कि बड़े गुंडों का ही अनुकरण छोटे गुंडे भी करते हैं, इसलिए कहीं ऐसा न हो कि दुनिया में अपहरण को अवैध मानना बंद कर दिया जाए और यह एक उद्योग का रूप धारण कर ले! इसके लिए जरूरी अर्हता भी सिर्फ अपहरणकर्ता का ताकतवर होना होगी, अर्थात जिसकी लाठी उसकी भैंस! और ऐसा भी नहीं कि इससे अपहर्ता की सामाजिक प्रतिष्ठा में कमी आएगी, आखिर ट्रम्प को भी तो बहुत से लोग अपना आदर्श मानते ही हैं और वेनेजुएला की नोबल विजेता विपक्षी नेता मारिया मचाडो ने तो अपना नोबल मेडल तक ट्रम्प को सौंप दिया (यह बात अलग है कि नोबल समिति ने कहा है कि नोबल पुरस्कार की घोषणा के बाद उसे रद्द, शेयर या ट्रांस...

उन्नति क्या इसको कहते हैं?

अनुभव से जब सीखा करता चीज नई खुश होता हूं, पर पछतावा भी होता है पहले ही सीख लिया होता तो इतने दिन इस सुविधा से वंचित न रहा आया होता! पर याद आता प्राचीनकाल जब छोटी-छोटी चीज सीखने में भी कितनी ही सदियां लग जाती थीं जो आग सुलभ है आज जरा सी तीली में क्या नहीं हजारों साल लगे थे उस पर काबू पाने में! पहिये ने की आसान जिंदगी बहुत, मगर होने में उसे परिष्कृत जाने कितनी सदी लगी होगी! हम आज बहुत ही विकसित हैं पर इसकी खातिर कर्जदार पुरखों के हैं जैसे दूने से चार गुना, फिर आठ गुना हो जाता है उन्नति भी हम इस तरह गुणात्मक करते हैं जब संख्या छोटी होती है तब नहीं गुणनफल उसका ज्यादा होता है पुरखों ने किया विकास शून्य के पहले से इसलिये हजारों साल लगे उनको जीरो तक आने में हमको इतनी समृद्ध विरासत मिली कि द्विगुणित कुछ वर्षों में ही सबकुछ हो जाता है जीवन आसान निरंतर होता जाता है। संघर्षों में लेकिन जो बीता करता था कैसे हम अब वह समय बिताया करते हैं! क्या सुविधाभोगी जीवन बन जाने को ही सचमुच में उन्नति कहते हैं? रचनाकाल : 15-18 जनवरी 2026

संक्रांति-बेला

जब रात देवताओं की ढलने लगती है जब प्रकृति शीतनिद्रा से जागा करती है जब सूर्य उत्तरायण होने लग जाते हैं तब हम हर साल मकर संक्रांति मनाते हैं। हम इंसानों की रात मगर कब बीतेगी कब मानवता का सूर्य उत्तरायण होगा कब छोड़ तामसिक निशाचरों जैसा जीवन यम-नियम पालकर सीखेंगे हम अनुशासन? संक्रांति-काल में यही मांगता ईश्वर से हम इनसानों को मुफ्त कभी कुछ मत देना देना ही चाहो यदि कुछ तो अपने जैसा बन पाने की क्षमता देना ! रचनाकाल : 14 जनवरी 2026

जब असभ्यता ही बन जाए शिष्टाचार तो क्या कीजे !

Image
 छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में हाल ही में एक स्तब्ध कर देने वाला वाकया हुआ. वहां आयोजित एक राष्ट्रीय परिसंवाद में कुलपति प्रो. आलोक चक्रवाल ने अपने हल्के-फुल्के और चुटकुलों से भरे (जाहिर है विषय से परे) वक्तव्य के दौरान जब सामने बैठे आमंत्रित साहित्यकार मनोज रूपड़ा से अनायास ही पूछा कि ‘आप बोर तो नहीं हो रहे!’ तो रूपड़ा ने सहज ही कह दिया कि ‘आप विषय पर बात कीजिए.’ इस जवाब से कुलपति इतने कुपित हुए कि रूपड़ा को अपमानित करते हुए कार्यक्रम से बाहर निकाल दिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि उन्हें दोबारा किसी कार्यक्रम में न बुलाया जाए.  अब चर्चा जितनी कुलपति की अभद्रता की हो रही है, उतनी ही वहां मंच पर तथा हाॅल में मौजूद साहित्यकारों व अन्य प्रतिष्ठित जनों की चुप्पी की भी. कहा जा रहा है कि वहां मौजूद लोग अगर इस उजड्डता को खामोशी से सह नहीं लेते तो कुलपति महोदय को माफी मांगने के लिए मजबूर किया जा सकता था. इसमें कोई शक नहीं कि कुलपति की प्रतिक्रिया बहुत ही निम्नस्तरीय थी लेकिन इस तथ्य को भी ध्यान में रखना होगा कि यह कोई पूर्वनियोजित नहीं थी. कुलप...

भोग से त्याग की ओर

तुम जितना ही सुख-सुविधाओं में जीते हो मैं स्वेच्छा से उतनी तकलीफें सहता हूं तुम धरती के संसाधन करते खत्म लगाकर पेड़ उसे समृद्ध बनाने की कोशिश मैं करता हूं। यह सच है मेरी शक्ति बहुत है अल्प तुम्हारी तुलना में पहुंचाते तुम जितना ज्यादा नुकसान बहुत ही कम उसकी भरपाई मैं कर पाता हूं पर तेज हवा में भी चिनगारी बुझे नहीं इसकी खातिर ही पूरा जोर लगाता हूं मन में है दृढ़ विश्वास, कभी तो ऐसा भी दिन आएगा चिनगारी मेरी दावानल बन जाएगी जो लगती अभी खिलाफ, हवा वह ही उसको फैलाएगी तुम राह भोग की छोड़, त्याग को जीवन में अपनाओगे सब जीव चराचर नहीं बने हैं हम इनसानों की खातिर हम मानव ही सबकी खातिर हैं बने कभी यह सत्य समझ तो पाओगे! (रचनाकाल : 17 जून 2025)

नारी तू कमजोर नहीं, क्यों पुरुषों जैसा बनती है ?

Image
 हाल ही में नववर्ष की पूर्व संध्या पर होने वाली पार्टियों में बड़ी संख्या में महिलाएं, खासकर जेन-जी लड़कियां शराब के नशे में धुत नजर आईं, जिससे सवाल उठ रहा है कि क्या महिलाएं इस मामले में भी पुरुषों को पीछे छोड़ रही हैं? यह सवाल इसलिए भी ज्यादा परेशान करने वाला है कि महिलाओं में नशा करने का प्रतिशत तेजी से बढ़ रहा है, 2019-21 में भारतीय महिलाओं में जहां शराब पीने की दर 0.7 प्रतिशत थी, वहीं अब यह 1.3 प्रतिशत पर पहुंच गई है, यानी लगभग दोगुना! हाल ही में जर्मनी में हुए एक वैज्ञानिक अध्ययन से पता चला है कि महिलाओं पर शराब का बुरा असर पुरुषों के मुकाबले कहीं ज्यादा पड़ता है. शोधकर्ताओं ने पुरुषों और महिलाओं को वजन के अनुपात में समान मात्रा में शराब दी. पता चला कि महिलाओं के शरीर में शराब को शुरुआती चरण में तोड़ने वाला एंजाइम कम सक्रिय रहा, जिससे ज्यादा अल्कोहल सीधे खून में पहुंच गया और इसके चलते नशा तेजी से बढ़ा. एक अध्ययन में तो यह भी पाया गया है कि महिलाओं के हार्मोनल चक्र न केवल उन्हें नशीली दवाओं की लत के प्रति अधिक संवेदनशील बनाते हैं बल्कि नशे की लत छुड़ाने वाली उन दवाओं का भी उन ...

उम्मीद बांधते साल

मैं नये साल से उम्मीदें हर बार लगाया करता था कुछ चमत्कार हो जायेगा सबकुछ अपने ही आप ठीक हो जायेगा जाने क्यों ऐसा लगता था। पर स्तब्ध रह गया जब जाना यह सच्चाई हर साल नया उम्मीदें मुझसे रखता है कुछ चमत्कार कर जाऊंगा अपने अच्छे-अच्छे कामों से नये साल का नाम अमर कर जाऊंगा इस इंतजार में रहता है! तब से स्वागत कर नये साल का आश्वासन यह देता हूं होने दूंगा न निराश उसे लगने दूंगा न कलंक कोई कुछ काम करूंगा ऐसा जिससे याद रखेगी दुनिया उसको यह कहकर वह साल बहुत ही अद्‌भुत था! रचनाकाल : 30 दिसंबर 2025