चमकदार दिखते समाज के भीतर की सड़न को रोकने की चुनौती

 चिप बनाने वाली दिग्गज कंपनी एनवीडिया के मुखिया जेनसन हुआंग के अवैध संबंधों के खुलासे की कीमत न केवल जेनसन को अपना इस्तीफा देकर चुकानी पड़ी बल्कि कंपनी के शेयरों में अत्यधिक गिरावट आने के कारण निवेशकों को भी पचास लाख करोड़ रुपए से अधिक की चपत लगी. हालांकि हुआंग ने अपने कृत्य को माफ नहीं किए जाने लायक बताते हुए पत्नी से माफी मांगी है, लेकिन सवाल यह है कि सालों से चले आ रहे अवैध संबंध अब सार्वजनिक खुलासे के बाद ही जेनसन को क्यों अक्षम्य लग रहे हैं? अगर उनसे गलती हुई थी तो वे पहले भी तो अपनी पत्नी से माफी मांग सकते थे या खुद ही अपने अवैध संबंधों का खुलासा कर सकते थे!

तो क्या उनका माफी मांगना सिर्फ दिखावा है? 

जेनसन अकेले नहीं हैं बल्कि बिल गेट्‌स, जेफ बेजोस, एलन मस्क, बिल क्लिंटन, अर्नोल्ड श्वार्जनेगर, टाइगर वुड्‌स जैसे बड़े-बड़े नाम इस सूची में शामिल हैं, जिन्हें अपने अवैध संबंधों का खामियाजा भुगतना पड़ा. चूंकि ऐसी हस्तियों का समाज में बहुत प्रभाव होता है, इसलिए उन्हें कीमत भी बहुत बड़ी चुकानी पड़ती है. 

तो क्या आम लोग जिन्हें बड़ा मानते हैं या उनके जैसा ही बनने की ख्वाहिश रखते हैं, वे भी मनुष्यता के स्तर पर मामूली आदमियों जैसे ही हैं? 

पुराने जमाने में शायद इसीलिए कुछ और बनने से पहले एक बेहतर मनुष्य बनने पर जोर दिया जाता था, क्योंकि बुरा मनुष्य कितनी भी उपलब्धियां हासिल कर ले, उनके दुरुपयोग की आशंका ही ज्यादा होती है. जैसे रावण कम बड़ा विद्वान नहीं था, पर चूंकि मनुष्य बेहतर नहीं था, इसलिए अपनी विद्वत्ता का भी उसने दुरुपयोग ही किया. बेहतर मनुष्य बनने के लिए पहले सात्विक जीवन जीने, ‘यम-नियम’ का पालन करने पर जोर दिया जाता था. चूंकि ये नियम लगभग ढाई हजार साल पुराने हैं, इसलिए हो सकता है इनमें से कुछ चीजें आज कालबाह्य लगें. ऐसे में क्या हमें अपने समय के हिसाब से नए नियमों का निर्माण नहीं करना चाहिए? 

जहां तक विवाहेतर संबंधों की बात है, इसे जायज ठहराने के लिए हम सबसे ज्यादा आड़ ‘प्रेम’ शब्द की लेते हैं. लेकिन प्रेम तो कोई बुरी बात है नहीं; फिर इसे छिपाना क्यों? दरअसल वासना की कुरूपता को छिपाने के लिए हम उसे प्रेम का जामा पहनाने की कोशिश करते हैं. वरना प्रेम शब्द का मूल अर्थ तो नि:स्वार्थ लगाव, करुणा, समर्पण और किसी के प्रति असीम स्नेह की भावना है. संस्कृत के ‘प्रेमन्’ शब्द से बना यह भाव कोमलता, निर्मलता और शुद्ध आनंद को दर्शाता है. माता, पिता, भाई, बहनों या परिवार के अन्य सदस्यों के बीच भी तो प्रेम होता है! बिना किसी स्वार्थ या अपेक्षा के पूरी मानवता और प्रकृति के लिए महसूस किए जाने वाले प्रेम को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. फिर किसी व्यक्ति विशेष के लिए महसूस किए जाने वाले प्रेम को ही गलत कैसे ठहराया जा सकता है? हां, तब वह अवश्य गलत हो जाता है जब उसमें वासना शामिल हो जाए.

वैदिक काल में मनुष्य की औसत आयु सौ वर्ष मान कर उसे चार आश्रमों (बराबर भागों) में बांटा गया था. शुरुआती 25 वर्ष ब्रह्मचर्य आश्रम के थे, जिसमें विद्याध्ययन करना होता था. उसके बाद 25 से 50 वर्ष तक की उम्र गृहस्थाश्रम के लिए निर्धारित थी, जिसमें विवाह करके परिवार का भरण-पोषण किया जाता था. अगले 25 वर्ष वानप्रस्थ आश्रम के होते थे, जिसमें पिता अपने बेटे को परिवार की बागडोर सौंप सलाहकार की भूमिका निभाता व आध्यात्मिक चिंतन-मनन करता था और 75 की उम्र में संन्यास ग्रहण करके, अपने ज्ञान और अनुभव के जरिये, दुनिया की भलाई करने निकल पड़ता था. 

जीवन के चार पुरुषार्थ हुआ करते थे- धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष. इनमें से अर्थ अर्थात धन और काम अर्थात वासना ने आज हमारे जीवन को इतना आवृत्त कर रखा है कि बाकी के दो पुरुषार्थों को हम भूल ही गए हैं. गृहस्थाश्रम के बाद अर्थात 50 की उम्र में जिस वासना का रूपांतरण वात्सल्य और स्नेह भाव में हो जाना चाहिए था, वह हो नहीं पा रहा और अर्थ अर्थात पैसे की हवस मरते दम तक बनी रहती है. संन्यासी जीवन वाला अनासक्ति भाव हमारे भीतर कभी आ ही नहीं पाता. 

हो सकता है जीवन को चार आश्रमों में विभाजित करके जीना आज व्यावहारिक रूप से संभव न हो और चार पुरुषार्थों में संतुलन साधना भी कठिन लगे, लेकिन एक अच्छा इंसान बनने की कोशिश तो हम कर ही सकते हैं! आदमी अगर हम बेहतर बन सकें तो व्यक्तिगत प्रेम भी कितना पवित्र हो सकता है, इसे 111 साल पहले लिखी गई चंद्रधर शर्मा गुलेरी की कहानी ‘उसने कहा था’ को पढ़कर समझा जा सकता है. 

परंतु एक अच्छा मनुष्य बनने के लिए हमें क्या करना चाहिए? 

जब तक इसके लिए आज के समय के अनुकूल नए नियम हम नहीं बना पाते, तब तक पुराने यम-नियमों का पालन करने, सात्विक जीवन जीने में क्या हर्ज है! हो सकता है इसी से आगे कोई रास्ता निकले! अगर नहीं निकला तो अपनी वर्तमान दिनचर्या में लौटने का विकल्प तो हमारे पास रहेगा ही, लेकिन खुद को बेहतर मनुष्य बनाने के पुराने नियम अगर आज भी कारगर साबित हो गए तो जरा सोचिए, जिन आधुनिक आविष्कारों के दुरुपयोग के कारण आज हम मनुष्यों के अस्तित्व के लिए ही खतरा पैदा हो गया है, उनके सदुपयोग के बल पर, हम मानव जाति के इतिहास में कितना अद्‌भुत काम कर जाएंगे! 

(18 नवंबर 2026 को प्रकाशित)

Comments

Popular posts from this blog

सम्मान

गूंगे का गुड़

उल्लास उधारी का