स्वार्थ-परमार्थ

मैं पहले बस साधा करता था स्वार्थ
नहीं परमार्थ कार्य में रुचि कोई भी मेरी थी
जिसमें भी आये नजर फायदा अपना
केवल काम वही मैं करता था।
मेरा भी था दुनिया में कई लोगों जैसा सिद्धांत
कि किसने देखा है कल, जी लो जी-भर आज
भोग लो सुख सारे, रह जाये कोई मन में नहीं मलाल
चले जाओगे जब तुम, दुनिया का फिर होना हो चाहे जो, हो!

अस्तित्व मगर खुद का विलीन हो जाने में डर लगता था
मरने के बाद नहीं रह जाऊं मैं, कैसे हो सकता था!
सो पुनर्जन्म को सही मानने लगा, तभी यह लगा
कि बदतर दुनिया में अगले जन्मों में कैसे मैं जी पाऊंगा!
इसलिये नहीं तात्कालिक सुख का ही रखता अब ध्यान
बनूं मैं बेहतर, दुनिया भी बेहतर, करता वैसा ही काम
स्वार्थ-परमार्थ मुझे विपरीत परस्पर लगते थे
अब समझ गया परमार्थ, स्वार्थ के ही प्रसार को कहते हैं.
 

(रचनाकाल : 09-15 नवंबर 2026)

Comments

Popular posts from this blog

सम्मान

गूंगे का गुड़

उल्लास उधारी का